संत कबीर नगर, 23 फरवरी ( स्टार लाइव टुडे )। जनपद के दुधारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 28.5 किलोग्राम अफीम के पौधों (फल व फूल सहित) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अभियान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दुधारा अरविन्द शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दुधारा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना मंसूर में एक व्यक्ति अपने मकान के सामने बनी बाउंड्री के भीतर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और आरोपी अबु उवैदा उर्फ छोटू पुत्र इरफान अहमद निवासी पुरैना मंसूर को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान बाउंड्री के अंदर एक क्यारी में अफीम के पौधे लगे पाए गए। पुलिस ने मौके से कुल 28.5 किलोग्राम हरे अफीम के पौधे (जड़, फल और फूल सहित) बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने चाचा रिजवान के साथ मिलकर लाभ कमाने के उद्देश्य से अफीम की बुआई की थी।
इस संबंध में थाना दुधारा में मु0अ0सं0 64/2026 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द शर्मा के साथ उपनिरीक्षक शोभनाथ, हेड कांस्टेबल राघवेन्द्र सिंह, रामविनय यादव, प्रमोद कुमार सिंह तथा कांस्टेबल राधेश्याम गिरि और भीम कुमार शामिल रहे।
( स्टार लाइव टुडे )
