संत कबीर नगर, 19 जून ( स्टार लाइव टुडे )। उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोलकी चमरासन निवासी युवक आनंद की हत्या के बाद पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री से सहायता की मांग की है। विधायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी संतकबीरनगर के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम कोलकी चमरसन, पोस्ट जीवाधरा , तहसील मेहदावल निवासी आनंद पुत्र इन्द्रेश की दिनांक 18 जून 2026 को बभनी चौराहे पर असामाजिक तत्वों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पत्र में कहा गया है कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके निधन के बाद वृद्ध माता-पिता, पत्नी मीना ( 30) और छोटे-छोटे बच्चों के पालन-पोषण व शिक्षा की जिम्मेदारी संकट में आ गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण जीवन-यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष एवं अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही मृतक की आश्रित पत्नी/परिजनों को योग्यता के अनुसार रोजगार अथवा नौकरी देने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने तथा बच्चों की शिक्षा और परिवार की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा और शासन स्तर से सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
वहीं, हत्या की घटना के बाद पुलिस भी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है।
