कबीर मगहर महोत्सव-2026 का शुभारम्भ, डीएम व एसपी ने किया उद्घाटन

संत कबीर नगर 28 जनवरी ( स्टार लाइव टुडे )
महान संत, कवि एवं समाज सुधारक संत कबीर दास जी की परिनिर्वाण स्थली कबीर चौरा मगहर में बुधवार को छह दिवसीय कबीर मगहर महोत्सव-2026 का भव्य शुभारम्भ जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन से पूर्व जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संत कबीर साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनकी समाधि एवं मजार पर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालयी बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने महोत्सव के अवसर पर कहा कि संत कबीर दास जी का जीवन दर्शन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का सशक्त संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मगहर सदैव से आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना का केंद्र रहा है और पर्यटन की दृष्टि से भी इसका विशेष महत्व है। उन्होंने आमजन से महोत्सव का भरपूर आनंद लेने तथा इसके सफल, सुरक्षित एवं गरिमामयी आयोजन में सहयोग की अपील की।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि विगत 37 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा कबीर मगहर महोत्सव जनपद के लिए गौरव का विषय है। संत कबीर दास जी धार्मिक सद्भाव, एकता एवं अंधविश्वास के विरोध के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने महोत्सव के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर चाक-चौबंद प्रबंध सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उत्पादों के प्रचार-प्रसार हेतु लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अवलोकन किया। इस दौरान सूचना विभाग द्वारा “उत्तर प्रदेश संदेश” तथा “विरासत भी, विकास भी” शीर्षक कैलेंडर का वितरण भी किया गया।

उद्घाटन समारोह में कबीर चौरा के महंत हरिशरण दास, अपर जिलाधिकारीगण, अपर पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, कलाकार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!
नमस्कार स्टार लाइव टुडे में आपका स्वागत है ताजा खबरों के लिए हमारे चैनल को सब्सक्राइब करें और फेसबुक पर फॉलो करें, खबर और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें- 7985294650