संत कबीर नगर 17 जनवरी ( स्टार लाइव टुडे ) उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायती संदर्भों के निस्तारण में लापरवाही और उदासीन रवैया अपनाए जाने पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में कमी और खराब फीडबैक पाए जाने के चलते जिलाधिकारी ने 10 अधिकारियों का जनवरी माह का वेतन रोकने तथा 14 अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का डिफॉल्टर तिथि से तीन दिन पूर्व अनिवार्य रूप से निस्तारण किए जाने, किसी भी प्रकरण को डिफॉल्टर न होने देने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ता से संतुष्टि फीडबैक प्राप्त करने के स्पष्ट निर्देश पूर्व में दिए गए थे।
इसके बावजूद समीक्षा बैठक के दौरान बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी कुछ अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरते जाने की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए यह निर्णय लिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यवाही जारी रहेगी।
