संत कबीर नगर 16 जनवरी ( स्टार लाइव टुडे ) उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में थाना दुधारा अंतर्गत 14 वर्षीय एक छात्र ने पढ़ाई के भय से अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रच डाली।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को बताया कि गत 13 जनवरी को थाना दुधारा क्षेत्र निवासी 14 वर्षीय बालक मो0 जैद द्वारा अपने परिजनों को फोन के माध्यम से सूचना दी, कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रुमाल में बेहोशी की दवा सुंघाकर उसका अपहरण कर लिया गया तथा उसे बस्ती रेलवे स्टेशन ले जाया गया, बालक द्वारा यह भी बताया गया कि होश आने पर वह अवसर पाकर वहां से भाग निकला और ट्रेन से गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंच गया है, उक्त सूचना पर परिजन बालक को गोंडा चाइल्ड लाइन के माध्यम से सकुशल घर ले आए ।
उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गहन जाँच कराई तो मो0 जैद के चाचा ने आज बताया कि मो0 जैद पढ़ाई-लिखाई के दबाव से भयभीत रहता था तथा पढ़ाई में मन न लगने के कारण वह अपनी बुआ के यहाँ गुजरात जाने की योजना बना रहा था, दिनांक 13.01.2026 को लगभग 03:00 बजे वह ट्यूशन जाने के बहाने साइकिल लेकर घर से निकला रास्ते में साइकिल पंचर हो गई, साइकिल को कस्बा दुधारा में एक साइकिल मिस्त्री की दुकान पर छोड़ दिया और वहां से टेंपो द्वारा बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंच गया, इसके पश्चात उसने लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेन पकड़ ली, घर पर डांट पड़ने के भय तथा पैसों की कमी के कारण मो0 जैद ने ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री के मोबाइल फोन से अपने परिजनों को अपहरण की मनगढ़ंत कहानी बताई थी। सम्पूर्ण प्रकरण बालक मो0 जैद द्वारा स्वयं रची गई झूठी कहानी सिद्ध हुई ।
