संत कबीर नगर, 30 जनवरी ( स्टार लाइव टुडे )
संतकबीरनगर पुलिस ने तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। जनपद पुलिस की सर्विलांस टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 121 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल मिलने की सूचना पर पीड़ितों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद/सर्विलांस सेल अमित कुमार के पर्यवेक्षण में, प्रभारी सर्विलांस सेल अभिमन्यु सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक द्वारा गुमशुदा मोबाइलों की शत-प्रतिशत बरामदगी को लेकर लगातार सख्त निर्देश दिए जा रहे थे, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है।
पुलिस के अनुसार CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ट्रेसिंग की गई, जिससे न केवल अन्य राज्यों बल्कि विदेश तक पहुँचे मोबाइलों को भी खोज निकाला गया। बरामदगी के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ मोबाइल OLX जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेच दिए गए थे, जिन्हें तकनीकी विश्लेषण के जरिए ट्रेस कर लिया गया।
बरामद मोबाइलों में बिहार, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से जुड़े मामले शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि जनपद संतकबीरनगर से गुम हुआ सदाबखान पुत्र वसी अहमद, निवासी चमनगंज कानपुरका मोबाइल सऊदी अरब तक ट्रेस किया गया, जिसे बरदहिया बाजार से गुम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खोज निकाला गया।
इसके अलावा,
संजय चौधरी (वैशाली, बिहार) का मोबाइल महराजगंज से,
शिक्षक ज्योति प्रकाश तिवारी (बलिया) का मोबाइल अम्बेडकरनगर-बस्ती बॉर्डर से,
नंदनी प्रजापति (थाना बखिरा, संतकबीरनगर) का मोबाइल गोरखपुर से
बरामद किया गया। इसी प्रकार कुल 121 मोबाइल फोन सर्विलांस टीम द्वारा शत-प्रतिशत बरामद किए गए।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चोरी या गुम हुए मोबाइल की शिकायत CEIR.GOV.IN पोर्टल पर दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल को ब्लॉक व ट्रेस किया जा सके। इसके लिए मोबाइल धारक का आधार कार्ड, मोबाइल का बिल, संबंधित थाने में दर्ज गुमशुदगी की प्रति, सिम नंबर, IMEI नंबर एवं मॉडल नंबर आवश्यक होते हैं।
